
प्रमुख संगठन सम्मेलन में मुख्यमंत्री धामी की चार घोषणाएं, नगरीय क्षेत्र में शामिल करने से पहले ग्राम पंचायतों से होगा विचार-विमर्श
DTN देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्र पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने क्षेत्र पंचायत निधि को फिर से शुरू करने और ब्लॉक प्रमुखों व क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधियों के मानदेय एवं भत्तों में वृद्धि के लिए कार्यवाही करने की बात कही। साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की विकासखंड स्तरीय समिति में ब्लॉक प्रमुखों को शामिल करने और ग्रामीण क्षेत्रों को नगरीय क्षेत्र में शामिल करने से पहले संबंधित ग्राम पंचायत से विचार-विमर्श करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री आज शासकीय आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित उत्तराखंड प्रमुख संगठन सम्मेलन-2026 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ब्लॉक प्रमुख और पंचायत प्रतिनिधि सरकार तथा जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास में उनकी अहम भूमिका है। जनप्रतिनिधियों की समस्याओं और मांगों के समाधान के लिए संबंधित विभागों से विचार-विमर्श कर सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के साथ ही स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान किया गया है।
उन्होंने बताया कि छठे राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के अनुसार राज्य के कर राजस्व में स्थानीय निकायों की हिस्सेदारी 10.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 12.5 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है। इसके लिए अनुपूरक बजट में 721 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। पंचायत भवनों से वंचित ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से भवन निर्माण कराने का भी प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाकर ही विकसित उत्तराखंड का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार बढ़ाने के लिए होमस्टे, पर्यटन, कृषि, बागवानी, पशुपालन और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत वृद्धि होने की बात भी कही।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया। सम्मेलन में ब्लॉक प्रमुख संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राजीव कंडारी, महासचिव गणेश चंदोला, ज्योति ग्रोवर, संरक्षक हरीश बिष्ट सहित विभिन्न क्षेत्रों के ब्लॉक प्रमुख मौजूद रहे।
