जौलजीबी मेले में बवाल पर विधायक हरीश धामी समेत सात पर मुकदमा, पुलिस से धक्का-मुक्की और तोड़फोड़ का आरोप

मुख्यमंत्री के जाते ही बिगड़ा माहौल, समर्थकों के साथ नारेबाजी और हंगामा करने के मामले में पुलिस ने दर्ज किया केस

DTN जौलजीबी। अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जाने के बाद शुरू हुआ हंगामा अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। मंच पर माइक बंद होने से नाराज होकर पोडियम गिराने और कुर्सी उठाकर हमला करने के घटनाक्रम के बाद अब पुलिस ने धारचूला विधायक एवं मेला समिति अध्यक्ष हरीश सिंह धामी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पुलिस ने विधायक समेत छह नामजद और अन्य लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले का उद्घाटन करने के बाद जनता को संबोधित किया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से रवाना होने के बाद मेला समिति अध्यक्ष एवं विधायक हरीश सिंह धामी अपने समर्थकों के साथ हंगामा करने लगे। आरोप है कि इस दौरान अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल करते हुए जमकर नारेबाजी की गई और तोड़फोड़ की गई।

मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने स्थिति को संभालने और हंगामा कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ गया। पुलिस का आरोप है कि विधायक और उनके समर्थकों ने पुलिस कर्मियों तथा अन्य लोगों के साथ धक्का-मुक्की की। इससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।

छह समर्थक भी नामजद

पुलिस ने विधायक हरीश सिंह धामी के साथ राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया और विक्रम दानू समेत अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 121(1), 132, 191(2), 324(3) और 352 के तहत अभियोग दर्ज किया है। कोतवाली जौलजीबी पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।