भारत मंडपम में 20 नवंबर को सीएम धामी करेंगे उत्तराखंड पवेलियन का उद्घाटन

DTN नई दिल्ली/उत्तराखंड।  नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ)-2026 में 20 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड पवेलियन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद उत्तराखंड दिवस के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। शाम छह बजे से ओपन एयर एम्फीथिएटर में होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश की लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि होंगे, जबकि प्रदेश सरकार में मंत्री भरत सिंह चौधरी अध्यक्षता करेंगे। सांस्कृतिक संध्या में उत्तराखंड की पारंपरिक लोककलाओं, रीति-रिवाजों और लोकजीवन पर आधारित प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके माध्यम से देश-विदेश से पहुंचे आगंतुकों को देवभूमि की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान से परिचित कराया जाएगा।

इस वर्ष व्यापार मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है। इसी के अनुरूप उत्तराखंड पवेलियन में प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों, स्थानीय हस्तशिल्प, सांस्कृतिक विरासत और उद्यमिता को प्रदर्शित किया जा रहा है। मेले के माध्यम से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।