श्रम विभाग की अव्यवस्थाओं पर डीएम खफा, विकास भवन और नगर निगम में खुलेंगे जन सुविधा केंद्र

टूल किट वितरण में देरी पर अधिकारियों को फटकार, श्रमिकों की भीड़ कम करने के लिए 10 अतिरिक्त कंप्यूटर लगाने के निर्देश

DTN पिथौरागढ़। श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ देने में देरी और श्रम जन सुविधा केंद्र में अव्यवस्थाओं से श्रमिकों को हो रही परेशानी पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने नाराजगी जताई। आज श्रम विभाग कार्यालय और श्रम जन सुविधा केंद्र के औचक निरीक्षण में टूल किट व अन्य उपकरणों के वितरण में सुस्ती मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई। वहीं, जन सुविधा केंद्र में कंप्यूटर की कमी से लोगों को हो रही परेशानी दूर करने के लिए विकास भवन, नगर निगम सहित अन्य उपयुक्त स्थानों पर नए केंद्र खोलने और कम से कम 10 अतिरिक्त कंप्यूटर सिस्टम लगाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने श्रम विभाग कार्यालय में सहायक श्रम आयुक्त दीपक कुमार से विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन, पंजीकृत श्रमिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और टूल किट व अन्य उपकरणों के वितरण की जानकारी ली। निर्धारित उपकरणों के वितरण में देरी और अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं के तहत अनुमन्य सुविधाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएं। लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए और लाभार्थियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।

श्रम जन सुविधा केंद्र के निरीक्षण में पंजीकरण और विभागीय सेवाओं के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे लोगों के सापेक्ष कंप्यूटर सिस्टम कम होने से परेशानी सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने सहायक श्रम आयुक्त को व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास भवन, नगर निगम सहित अन्य उपयुक्त स्थानों पर नए श्रम जन सुविधा केंद्र स्थापित करने और कम से कम 10 अतिरिक्त कंप्यूटर सिस्टम लगाने को कहा। इससे श्रमिकों को नजदीक ही विभागीय सेवाएं मिल सकेंगी और मौजूदा केंद्र में भीड़ का दबाव कम होगा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रम कार्ड बनवाने और नवीनीकरण कराने पहुंचे लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने नए श्रम कार्ड बनाने, पुराने कार्डों के नवीनीकरण एवं अद्यतीकरण की प्रक्रिया तेज करने और आवेदन संबंधी औपचारिकताओं के लिए लोगों को बार-बार कार्यालय न बुलाने के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय अभिलेख और लाभार्थियों से संबंधित विवरण अद्यतन रखने को कहा।

इसके बाद जिलाधिकारी ने ग्रामीण निर्माण विभाग कार्यालय का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, विभागीय कार्यप्रणाली, निर्माण कार्यों की प्रगति और लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने, कार्यों को समयसीमा के भीतर पूरा कराने तथा नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली पारदर्शी, जवाबदेह और जनहित केंद्रित होनी चाहिए। जनसुविधाओं और शासन की योजनाओं का लाभ देने में लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।