पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी की चचेरी बहन शांता कार्की का निधन, हल्द्वानी में हुआ अंतिम संस्कार

गंगोलीहाट/हल्द्वानी। पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की चचेरी बहन शांता कार्की (72) का निधन हो गया है। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं और हल्द्वानी के एक अस्पताल में उनका उपचार जारी था। उनके निधन की सूचना मिलते ही गंगोलीहाट सहित क्षेत्र के राजनीतिक और शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
शनिवार को हल्द्वानी के चित्रशिला घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। वहां उनके पुत्र देवेश कार्की ने नम आंखों से मां की चिता को मुखाग्नि दी। शांता कार्की का जीवन शिक्षा को समर्पित रहा; वह जूनियर हाईस्कूल खतेड़ा से सहायक अध्यापिका के पद से वर्ष 2014 में सेवानिवृत्त हुई थीं। परिवार में उनके पुत्र के अलावा एक नातिन भी है।
दिवंगत शांता कार्की के पति एडवोकेट केशर सिंह कार्की गंगोलीहाट में भाजपा के कद्दावर नेता माने जाते हैं। वह वर्तमान में गंगोलीहाट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। इसके पूर्व वह दो बार भाजपा के मंडल अध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष और आरएसएस के खंड संचालक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं।
शांता कार्की के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। इसके अलावा आरएसएस के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र, प्रांत शारीरिक प्रमुख सुनील, विभाग प्रचारक वतन, डीडीहाट जिला प्रचारक गणेश, जिला संघ चालक गोविंद खाती, पिथौरागढ़ जिला प्रचारक ऋषभ व खंड संचालक प्रताप सिंह, प्रधानाचार्य चंद्र शेखर जोशी, महिपाल मेहरा, चंद्र सिंह भंडारी, महाकाली मंदिर समिति अध्यक्ष हरगोविंद रावल, ब्लॉक प्रमुख विनोद प्रसाद, हिमालयन ग्राम विकास समिति अध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट, पूर्व विधायक मीना गंगोला, वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज रावल, राजेंद्र डोबाल, भाजपा नेता भगवान नेगी, कांग्रेस नेता मनोज टम्टा, व्यापार संघ अध्यक्ष हितेश खाती व महेश पाठक सहित विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि ने भी शोक संवेदनाएं प्रकट कि।