पेयजल लाइनों में लीकेज पर सख्त डीएम, जल्द मरम्मत के निर्देश

चंपावत। जनपद में विभिन्न स्थानों पर पेयजल लाइनों से हो रही पानी की बर्बादी को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने इस संबंध में जल संस्थान एवं पेयजल निगम के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चिन्हित सभी लीकेज स्थलों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि जल की बर्बादी रोकी जा सके और आम जनता को निर्बाध पेयजल आपूर्ति मिलती रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

इस संबंध में जल संस्थान के अधिशासी अभियंता रवि प्रकाश ने बताया कि संबंधित स्थानों पर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है और सभी लीकेज को जल्द ही ठीक कर दिया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि विभाग द्वारा सतत निगरानी के साथ कार्य किया जा रहा है, जिससे भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।