DTN थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज टिहरी गढ़वाल के धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र के थत्यूड़ में नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र को 52.55 करोड़ रुपये की 26 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 30.50 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22.04 करोड़ रुपये की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने और धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण की स्वीकृति देने समेत कई घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनपुर महोत्सव जैसे आयोजन लोक संस्कृति, परंपराओं, लोककला और लोक संगीत के संरक्षण के साथ नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार टिहरी और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित कर रही है। करीब 1300 करोड़ रुपये की लागत से टिहरी झील और आसपास के क्षेत्रों में विशेष पर्यटन क्षेत्र विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे पर्यटन गतिविधियों को विस्तार मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में सड़क और पर्यटन सुविधाओं के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि कैम्पटी-चड़ोगी मोटर मार्ग पर भूस्खलन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब छह करोड़ रुपये से सुरक्षा उपचार कार्य पूरा कराया गया है। वहीं, दस करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कैम्पटी-चड़ोगी हल्का वाहन मोटर मार्ग के परिवर्तन और डामरीकरण का काम भी पूरा हो चुका है। पर्यटकों की सुविधा के लिए कद्दूखाल में आठ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से वाहन पार्किंग बनाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने के लिए पर्यटन, कृषि, उद्यानिकी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है। एक जनपद, दो उत्पाद योजना और हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड की बिक्री अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुकी है। स्टेट मिलेट मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, एप्पल मिशन, होमस्टे और वेड इन उत्तराखंड जैसी योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। सरकार के प्रयासों से रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। राज्य में अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी सरकार का विशेष ध्यान है।
नागटिब्बा मार्ग और अस्पताल को लेकर बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण को स्वीकृति देने की घोषणा की। इसके अलावा जौनपुर विकासखंड में पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा के लिए 273 लाख रुपये और भवन बाजार के आबादी वाले क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4.72 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने का भी एलान किया। क्षेत्र की अन्य सड़कों के निर्माण और डामरीकरण से संबंधित मांगों पर विचार कर उन्हें घोषणाओं में शामिल करने की बात कही।
किसान और साहित्यकार को किया सम्मानित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील किसान कबूल चंद पुंडीर के कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। उन्होंने सेब के साथ अदरक, कीवी, केसर, फूलों, आलू और रोजमैरी की खेती के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने के प्रयासों को प्रेरणादायी बताया। वहीं, ग्राम सभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत जैसे ग्रंथों का अनुवाद कर लोकभाषा एवं साहित्य के संरक्षण में योगदान के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान प्रदान किया।
कार्यक्रम में विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने क्षेत्र में विकास योजनाओं और स्वीकृत कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। इस दौरान दर्जा राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल्ल, ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
