चम्पावत। देवीधूरा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मैदान, रीठाखाल में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के अंतर्गत बहुद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की।

शिविर का उद्देश्य शासन-प्रशासन की सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाना और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना रहा। शिविर में श्रम, चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यान, पशुपालन, आयुष, समाज कल्याण, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, राजस्व, ऊर्जा, सहकारिता सहित अनेक विभागों द्वारा सेवाएं दी गईं। कुल मिलाकर 832 से अधिक ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला।
श्रम विभाग ने छह श्रमिकों को श्रम कार्ड वितरित किए, जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा 136 से अधिक लोगों की जांच की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग ने सामूहिक बालिका जन्मोत्सव मनाकर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया। शिविर में 40 से अधिक ग्रामीणों के आधार संशोधन व यूसीसी पंजीकरण से जुड़े मामलों का निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए तथा जरूरतमंदों को कंबल भी वितरित किए।
