जनपद में नशे के खिलाफ सख्ती, अवैध खेती और कारोबार पर संयुक्त कार्रवाई के निर्देश

पिथौरागढ़। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में एनसीओआरडी एवं राजस्व–पुलिस समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में अफीम, खसखस, पोस्त और भांग की अवैध खेती तथा नशे के कारोबार पर एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत प्रभावी नियंत्रण और निगरानी सुनिश्चित करना रहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी रोकने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने भांग की अवैध खेती, ड्रग्स की बिक्री और नशे से जुड़ी हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखने तथा सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। सीमावर्ती क्षेत्रों में नशे के प्रसार को रोकने के लिए पुलिस और सीमा सुरक्षा बल के बीच समन्वय मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बताया कि जनपद में नशे का संगठित नेटवर्क सक्रिय है, जिस पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर चरस, स्मैक सहित अन्य मादक पदार्थों की बड़ी खेप बरामद की गई है तथा कई अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई है। उन्होंने बताया कि मेडिकल स्टोर्स में अवैध दवाओं की बिक्री पर सख्त निगरानी रखी जा रही है, प्रिस्क्रिप्शन का रिकॉर्ड नियंत्रित किया जा रहा है और सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य किए गए हैं। आम नागरिकों के लिए मानस हेल्पलाइन 1933 के माध्यम से सहायता और शिकायत दर्ज कराने की सुविधा भी दी गई है।

जिलाधिकारी ने कहा कि कृषि योग्य भूमि की कमी के कारण कुछ क्षेत्रों में भांग की खेती बढ़ रही है। उन्होंने एसडीएम सदर को ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य शिक्षा अधिकारी को सभी विद्यालयों में नशामुक्ति एवं जनजागरूकता अभियान नियमित रूप से चलाने को कहा गया, जिसमें नुक्कड़ नाटक, छात्र काउंसलिंग और अभिभावकों की सहभागिता शामिल होगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रतिबंधित दवाओं की सूची तैयार कर अस्पतालों और मेडिकल स्टोर्स को उपलब्ध कराने तथा नेपाल सीमा से इन दवाओं के अवैध प्रवेश को रोकने के निर्देश दिए गए। जिला समाज कल्याण अधिकारी को युवाओं में जागरूकता के लिए खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, क्रिकेट मैच और बाइक रैली आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ऑडिटोरियम में “ड्रग-फ्री जनपद” थीम पर जागरूकता स्टाल लगाने को कहा गया। वन विभाग को वन भूमि पर अवैध भांग और अन्य मादक पदार्थों की खेती पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि नशे और अवैध मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी सूचना को पुलिस या हेल्पलाइन नंबर 1933 पर साझा करें।

बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, एसडीएम सदर ललित मोहन तिवारी, एसडीएम गंगोलीहाट यशवीर सिंह, पुलिस उपाधीक्षक गोविंद बल्लभ जोशी, तहसीलदार विजय गोस्वामी, मुख्य कृषि अधिकारी अमरेंद्र चौधरी, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, आबकारी विभाग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।