बारिश-बर्फबारी की चेतावनी पर जिला प्रशासन अलर्ट

पिथौरागढ़। मौसम विभाग की बारिश व बर्फबारी की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी आशीष भटगाई ने जनपद के सभी संबंधित विभागों और आपदा प्रबंधन एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार रहे।

निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि संभावित बर्फबारी से सड़कों के अवरुद्ध होने की स्थिति में मशीनें तत्काल तैनात रखी जाएँ, ताकि मार्ग शीघ्र खोले जा सकें। विद्युत विभाग को भी अलर्ट मोड में रहकर मरम्मत दल तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पोषण आपूर्ति बनाए रखने के लिए पूर्ति विभाग को सभी गोदामों में पर्याप्त खाद्यान्न उपलब्ध रखने तथा दूरस्थ क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की कमी न होने देने को कहा गया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयों व आपात सेवाओं के साथ तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने जनता से अपील की है कि आपात स्थिति में आपदा नियंत्रण कक्ष के टोल-फ्री नंबर 1077 पर तुरंत सूचना दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने पर संबंधित विभागों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।