पिथौरागढ़। शासन के निर्देशों के तहत जनपद पिथौरागढ़ में संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत न्याय पंचायत बड़ाबे में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर राजकीय इंटर कॉलेज बड़ाबे, विकासखंड मूनाकोट में आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने की।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की पहल पर यह कार्यक्रम पूरे प्रदेश में संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनपद की कुल 64 न्याय पंचायतों में से अब तक 33 में शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जबकि बड़ाबे में 34वां शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि शिविरों में जनता एवं जनप्रतिनिधियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। इसके लिए कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जिससे प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।
शिविर में दर्जा मंत्री गणेश भंडारी सहित 28 जनप्रतिनिधि एवं 87 अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 470 लोगों ने प्रतिभाग किया तथा 599 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में कुल 79 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 68 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 11 शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजा गया।
शिविर में राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायत राज, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, चिकित्सा स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, आयुष, पशुपालन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम, पेयजल, शिक्षा सहित अन्य विभागों के स्टॉल लगाए गए। वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, परिवार रजिस्टर, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड आदि से संबंधित आवेदन भी भरवाए गए।
जन संवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, स्मार्ट मीटर, विद्युत लाइन, आंगनबाड़ी केंद्र एवं पंचायत भवन निर्माण से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
समापन अवसर पर जिलाधिकारी ने आगामी शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभागाध्यक्ष स्वयं उपस्थित रहकर अधिकाधिक जनसमस्याओं का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित करें।
