24 घंटे में झपटमारी का खुलासा, दिल्ली-नैनीताल के युवक-युवती गिरफ्तार

पिथौरागढ़। जौलजीवी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई झपटमारी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

घटना 24 फरवरी की है। जौलजीवी क्षेत्र की एक महिला ने थाना जौलजीवी में तहरीर देकर बताया कि वह सुबह करीब 10 बजे खेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक युवक और युवती ने बातचीत के बहाने उसका मोबाइल फोन हाथ में ले लिया। कुछ दूरी पर सुनसान स्थान पर पहुंचते ही दोनों ने महिला के गले से दो सोने की मालाएं झपट लीं और मौके से फरार हो गए।

तहरीर मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ के निर्देशन में थानाध्यक्ष बलुवाकोट मेघा शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई। टीम ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संभावित मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गौरी पुल क्षेत्र के पास एक संदिग्ध लाल मोटरसाइकिल को रोककर पूछताछ की। मौके पर पीड़िता को बुलाया गया, जिसने दोनों की पहचान कर ली। इसके बाद पुलिस ने युवक और युवती को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सन्नी सिंह (25 वर्ष), निवासी दिल्ली और हिमानी बोरा (23 वर्ष), निवासी जनपद नैनीताल बताए। पुलिस ने उनके कब्जे से सोने के आभूषण (लोकेट व दाने सहित), घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा मोबाइल फोन बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार मामले की गहन जांच जारी है और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की जा रही है।