आदि कैलाश–ॐ पर्वत यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में, गूंजी में व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण

पिथौरागढ़। आगामी आदि कैलाश एवं ॐ पर्वत यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह की अध्यक्षता में गठित उच्चस्तरीय टीम ने धारचूला क्षेत्र के गूंजी में यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर व्यापक समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान टीम ने आवासीय स्थलों, टेंट कॉलोनियों, विश्राम गृहों एवं अस्थायी शिविरों का जायजा लेते हुए यात्रियों की ठहरने की क्षमता और सुविधाओं की गुणवत्ता का आकलन किया। पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने सभी स्थानों पर स्वच्छ और पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जल स्रोतों की नियमित सफाई और क्लोरीनेशन पर विशेष जोर दिया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत चिकित्सा शिविरों, प्राथमिक उपचार केंद्रों, एंबुलेंस और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता का निरीक्षण किया गया। एडीएम ने उच्च हिमालयी क्षेत्र की परिस्थितियों को देखते हुए जीवनरक्षक दवाइयों, ऑक्सीजन सिलेंडर और प्रशिक्षित चिकित्सा स्टाफ की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को भी सक्रिय रखने को कहा गया।

सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों की तैनाती, चेक पोस्टों की कार्यप्रणाली और निगरानी तंत्र का जायजा लिया गया। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और यात्रियों की आवाजाही पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के तहत कूड़ा प्रबंधन, शौचालयों की साफ-सफाई और प्लास्टिक मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। पूरे यात्रा मार्ग पर पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती पर भी जोर दिया गया।

इसके अलावा संचार व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, खाद्य सामग्री, राशन व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सड़कों की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। लोक निर्माण विभाग को मार्गों की मरम्मत और रखरखाव कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

एडीएम योगेंद्र सिंह ने कहा कि यात्रा के सफल संचालन के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा में सभी तैयारियां पूरी की जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस एवं प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।