जिलाधिकारी मनीष कुमार बोले- सभी विभागों के समन्वय से सुरक्षित और सुव्यवस्थित रहा आयोजन
DTN टनकपुर (चम्पावत)। उत्तर भारत के प्रमुख आस्था केंद्र मां पूर्णागिरि धाम में आयोजित वार्षिक पूर्णागिरि मेले का आज विधिवत एवं औपचारिक समापन कर दिया गया। मेले का शुभारंभ 27 फरवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया था। समापन समारोह में जिलाधिकारी मनीष कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मां पूर्णागिरि के आशीर्वाद और मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में इस वर्ष मेले का सफल, सुव्यवस्थित और सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया गया। उन्होंने बताया कि मेले की अवधि में करीब 25 लाख श्रद्धालुओं ने मां पूर्णागिरि के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया, जबकि पूरे वर्ष में धाम आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 50 लाख से अधिक रहती है।
उन्होंने मेले के सफल संचालन में योगदान देने वाले सभी विभागों, पुलिस बल, एसएसबी और पूर्णागिरि मंदिर समिति का आभार व्यक्त किया। कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक दर्शन व्यवस्था उपलब्ध कराना रही, जिसमें सभी विभागों ने बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष आभार जताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य सेवाओं, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया गया। साथ ही पूर्णागिरि क्षेत्र के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बाटनागाड़ और किरोड़ा में आधारभूत संरचनाओं का निर्माण, संपर्क मार्गों का सुधारीकरण, चूका में हेलीपैड निर्माण, पूर्णागिरि रोपवे परियोजना तथा मंदिर सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य प्रगति पर हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को व्यापक लाभ मिलेगा।
समारोह के दौरान मेले के सफल संचालन में योगदान देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस एवं सुरक्षा बलों, मंदिर समिति के पदाधिकारियों, जिला पंचायत कर्मियों तथा पत्रकारों को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने उन्हें स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा ने मेले के औपचारिक समापन की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और प्रदेश की निरंतर उन्नति की कामना की। उन्होंने मेले के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और सभी संबंधित विभागों की सराहना की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सरोज चंद, मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी, पूर्व मंदिर समिति अध्यक्ष भुवन चंद पाण्डेय, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, पुलिस उपाधीक्षक निहारिका सेमवाल, मेला अधिकारी अनिल जोशी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विजय उप्रेती, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष मदन कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
