DTN पिथौरागढ़। क्षेत्र के विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए क्षेत्रीय विधायक बिशन सिंह चुफाल ने बड़ालू से बर्तियाकोट तक लगभग चार किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ एवं उद्घाटन किया। यह सड़क ‘मेरा गांव मेरी सड़क’ योजना के अंतर्गत बनाई जाएगी।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक बिशन सिंह चुफाल ने कहा कि सड़क संपर्क किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होता है। सड़क निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी तथा ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और दूरस्थ गांवों को सड़क नेटवर्क से जोड़ना प्राथमिकता में शामिल है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री दिवाकर जोशी, मूनाकोट मंडल अध्यक्ष सुनील चंद, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष संजीव जोशी, पूर्व जिला मंत्री योगेश चंद, हयाद सिंह धारियाल, शेखर भट्ट, ग्राम प्रधान हेमराज बिष्ट, कृष्णामणि भट्ट, भूपेंद्र कुमार, विष्णु जोशी, अनिल रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उनका कहना था कि सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्याओं से राहत मिलेगी।
