4जी सैचुरेशन परियोजना, भारतनेट और मोबाइल कनेक्टिविटी की समीक्षा, लंबित कार्यों में तेजी लाने के आदेश
DTN पिथौरागढ़। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में जिला दूरसंचार समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सुदूरवर्ती एवं सीमांत क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क, इंटरनेट कनेक्टिविटी तथा विभिन्न दूरसंचार परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी लंबित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने और जन शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बीएसएनएल द्वारा संचालित 4जी सैचुरेशन परियोजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में प्रस्तावित 94 टावरों में से 61 पर सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। दो टावरों पर आधारभूत ढांचा तैयार होने के बावजूद वीसैट स्थापना लंबित है, जबकि 21 स्थानों पर पहुंच मार्ग एवं तकनीकी कारणों से कार्य प्रगति पर है। नौ स्थानों पर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा 10 साइटों पर बिजली कनेक्शन लंबित होने के कारण विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
भारतनेट परियोजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार द्वारा सभी आवश्यक अनुमतियां प्रदान की जा चुकी हैं, इसलिए परियोजना कार्यों में किसी भी स्तर पर बाधा नहीं आनी चाहिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के समन्वय से सर्वे और अन्य कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम पंचायत भवनों में स्थापित उपकरणों के रखरखाव के लिए कार्यान्वयन एजेंसी को चौबीसों घंटे पहुंच उपलब्ध कराने तथा क्षतिग्रस्त भवनों की स्थिति में वैकल्पिक सरकारी भवनों में उपकरण स्थापित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पंचायत भवनों में उर्वरक एवं कीटनाशकों के भंडारण पर रोक लगाने तथा ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने के लिए बिजली विभाग से आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने को भी कहा। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त नेटवर्क संबंधी शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में धारचूला क्षेत्र के पांगला, जयकोट, तवाघाट, खेला और सिर्खा गांवों में कमजोर मोबाइल सिग्नल की समस्या पर तत्काल तकनीकी निरीक्षण कर टावरों को दुरुस्त करने को कहा गया। डीडीहाट के करेला गांव में ब्रॉडबैंड फाइबर विस्तार, मूनाकोट के सौरलेख में टावर उपकरणों की ऊंचाई बढ़ाने तथा मुनस्यारी क्षेत्र के सैणरांथी, बेडूमहर, किमखेत और साईपोलो में लंबे समय से बंद पड़े टावरों को चालू करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा तोली-चुफाल क्षेत्र में नए टावर की स्थापना के लिए किए गए सर्वे पर भी आगे की कार्रवाई तेज करने को कहा गया।
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कहा कि डिजिटल कनेक्टिविटी आज की मूलभूत आवश्यकता बन चुकी है। छात्रों की पढ़ाई, ऑनलाइन सेवाओं और जनसुविधाओं के लिए मजबूत दूरसंचार व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने दूरसंचार कंपनियों और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तकनीकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह सहित दूरसंचार विभाग और संबंधित एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।
