राज्योत्सव में अमित शाह का स्वागत कर गिनाईं प्रदेश की उपलब्धियां, बोले- डबल इंजन सरकार में तेजी से बदल रही विकास की तस्वीर
DTN देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड विकास, सुरक्षा और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में कनेक्टिविटी, आधारभूत ढांचे, पर्यटन, उद्योग और स्वरोजगार के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है।

आज परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पहले उनका देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश की आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई है। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम और तीन नए आपराधिक कानूनों जैसे ऐतिहासिक फैसलों से राष्ट्रीय एकता और न्याय व्यवस्था को मजबूती मिली है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई से देश में शांति और विकास का रास्ता प्रशस्त हुआ है।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर से सम्मानित किए जाने को पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने इसके लिए पुलिस के अधिकारियों और जवानों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
धामी ने कहा कि नौ नवंबर को उत्तराखंड राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे हो रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखंड राज्य का सपना साकार किया था। वर्तमान सरकार राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप प्रदेश को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए काम कर रही है।
हिमाचल से दोगुने से अधिक उत्तराखंड का बजट
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि समान भौगोलिक परिस्थितियों वाले हिमाचल प्रदेश का बजट करीब 54,928 करोड़ रुपये है, जबकि उत्तराखंड का बजट लगभग 1,11,703 करोड़ रुपये पहुंच गया है। यह प्रदेश के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश की जीएसडीपी करीब 3.82 लाख करोड़ रुपये, प्रति व्यक्ति आय लगभग 2.74 लाख रुपये और आर्थिक वृद्धि दर 7.23 प्रतिशत रहने का अनुमान है। राज्य की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से 25 प्रतिशत से अधिक है।
राष्ट्रीय स्तर पर मिल रहे सम्मान
धामी ने कहा कि उत्तराखंड ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में प्रदेश पहले स्थान पर रहा है। खनन क्षेत्र में सुधारों के लिए केंद्र से 200 करोड़ रुपये का पुरस्कार मिला है। मत्स्य विकास में हिमालयी और पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य चुना गया है। पर्यटन के क्षेत्र में बेस्ट एडवेंचर और बेस्ट वाइल्डलाइफ डेस्टिनेशन जैसे सम्मान मिले हैं। वहीं, फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण तैयार करने के प्रयासों के लिए प्रदेश को मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिल रहे हैं। डबल इंजन सरकार के प्रयासों से प्रदेश में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
विकास पर चर्चा के बजाय भ्रम फैलाने का आरोप
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ ताकतें विकास पर सार्थक चर्चा करने के बजाय भ्रम और टकराव का माहौल बनाने का प्रयास कर रही हैं। लोकतंत्र में सवाल पूछना और असहमति जताना सभी का अधिकार है, लेकिन युवाओं को भड़काना, अफवाहें फैलाना और हिंसा को प्रोत्साहित करना स्वीकार्य नहीं है। लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रियाओं के प्रति दोहरा रवैया उचित नहीं है। उन्होंने श्रीनगर और रुद्रपुर में हाल में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के कार्यक्रमों में जनता की व्यापक भागीदारी का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि की जनता विकास, सुरक्षा और संवेदनशील एवं जवाबदेह शासन चाहती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य सरकार इन अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, विजय बहुगुणा, तीरथ सिंह रावत और डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट, सांसद अनिल बलूनी, अजय भट्ट और बांसुरी स्वराज, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, मदन कौशिक, खजान दास, सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, राम सिंह कैड़ा, सौरभ बहुगुणा, रेखा आर्य और प्रदीप बत्रा, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल सहित विधायक, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में प्रदेशवासी मौजूद रहे।
