DTN चम्पावत। जिला पंचायत सभागार में आज जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी की अध्यक्षता में जिला पंचायत की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।

बैठक की शुरुआत में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की “आदर्श चम्पावत” परिकल्पना को साकार करने के लिए सभी विभाग समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। उन्होंने विकास कार्यों में पारदर्शिता, जनसहभागिता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला पंचायत सदस्यों के माध्यम से प्राप्त जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। शिक्षा विभाग को विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने और आधारभूत सुविधाएं मजबूत करने के निर्देश दिए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने, जबकि पेयजल, विद्युत और सड़क संबंधी समस्याओं के शीघ्र समाधान पर भी बल दिया गया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर संचालित योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों को नियमित रूप से उपलब्ध कराएं, ताकि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। उन्होंने पर्यटन विभाग की होम-स्टे अनुदान योजना, ट्रैकिंग ट्रैक्शन सेंटर, मानसखंड मंदिर माला मिशन और मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति विभाग को राशन कार्ड सत्यापन अभियान में तेजी लाने तथा अपात्र लाभार्थियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में वन विकास निगम के अधिकारी की अनुपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पारंपरिक जल स्रोतों, घराटों और नौलों के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने तथा स्वीकृत योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी. एस. खाती, जिला पंचायत सदस्य, जिला स्तरीय अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
