सेवा पखवाड़ा शिविर में 74 शिकायतों पर सुनवाई, 485 लाभार्थियों को योजनाओं का मिला लाभ

डीएम मनीष कुमार ने मऊ गांव में सुनीं समस्याएं, अधिकांश मामलों का मौके पर कराया समाधान

DTN चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर संचालित सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत विकासखंड बाराकोट की ग्राम पंचायत मऊ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में आज जनसमस्या निवारण एवं बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कराया और शेष शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 74 आवेदन और शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, पेंशन, श्रम कार्ड, पेयजल, विद्युत, सड़क, सोलर लाइट, गौशाला निर्माण, घेरबाड़ और मंदिर सौंदर्यीकरण सहित कई विकास कार्यों से जुड़े मामले शामिल रहे। डीएम ने अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान डीएम ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज मऊ की कक्षा 12 की छात्रा ज्योति को गुलदार से परिवार की रक्षा करने के साहसिक कार्य के लिए वीरता पुरस्कार प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग ने पात्र लाभार्थी दीपा देवी को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की। वहीं स्वास्थ्य, आयुष और होम्योपैथिक विभागों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवाओं का वितरण किया। विभिन्न विभागों के स्टॉलों के माध्यम से कुल 485 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया।

शिविर में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख सीमा आर्या, प्रदेश मंत्री भाजपा निर्मल सिंह माहरा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, उपजिलाधिकारी नीतू डांगर, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।