रानीखेत में दो मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं की समीक्षा, संशोधित आगणन जल्द भेजने के निर्देश

DTN देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित बैठक में रानीखेत की दो प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं की प्रगति और तकनीकी-आर्थिक पहलुओं की समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं पूरी कर संशोधित आगणन शीघ्र शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में गैस गोदाम-आशियाना पार्क क्षेत्र तथा रोडवेज स्टेशन के समीप प्रस्तावित पार्किंग योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। गैस गोदाम-आशियाना पार्क के निकट बनने वाली चार मंजिला पार्किंग का प्रारंभिक आगणन 935.48 लाख रुपये था, जिसमें तकनीकी संपरीक्षा प्रकोष्ठ ने 861.73 लाख रुपये को उचित माना है। इस पार्किंग में 59 वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था के साथ महिला एवं पुरुष शौचालय भी बनाए जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि सदर बाजार के समीप पार्किंग सुविधा के अभाव में मुख्य मार्ग पर वाहनों की पार्किंग से अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है।

वहीं, रोडवेज स्टेशन के निकट प्रस्तावित दूसरी मल्टीलेवल पार्किंग का प्रारंभिक आगणन 499.92 लाख रुपये था, जिसमें तकनीकी समिति ने 480.23 लाख रुपये को औचित्यपूर्ण माना है। इस पार्किंग में 13 चारपहिया और 141 दोपहिया सहित कुल 154 वाहनों की पार्किंग की सुविधा विकसित की जाएगी। परियोजना के लिए छावनी परिषद रानीखेत से अनापत्ति प्रमाणपत्र भी प्राप्त हो चुका है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसका संचालन जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, अल्मोड़ा करेगा।

बैठक में दोनों परियोजनाओं की व्यवहारिकता, दोपहिया और चारपहिया पार्किंग के अनुपात, संभावित राजस्व, राजस्व साझेदारी मॉडल तथा प्रस्तावित स्थलों की उपयोगिता का विस्तृत परीक्षण कराने का निर्णय लिया गया। सचिव ने निर्देश दिए कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर संशोधित आगणन शीघ्र शासन को भेजा जाए।

ऊधम सिंह नगर विकास प्राधिकरण के नए कार्यालय भवन को ग्रीन बिल्डिंग के रूप में विकसित करने के निर्देश

इसी क्रम में आयोजित दूसरी बैठक में सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने ऊधम सिंह नगर जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के नए कार्यालय भवन निर्माण की समीक्षा की। उन्होंने परियोजना की प्रगति पर संतोष जताते हुए निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और भवन को पर्यावरण अनुकूल ग्रीन बिल्डिंग मॉडल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि वर्तमान में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर विकास भवन से संचालित हो रहा है और उसका अपना स्वतंत्र कार्यालय भवन नहीं है। ग्राम कल्याणपुर, तहसील रुद्रपुर में 8,740 वर्गमीटर भूमि पर नए कार्यालय भवन का निर्माण किया जा रहा है। यह भूमि जुलाई 2024 में जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर द्वारा प्राधिकरण को आवंटित की गई थी।

सचिव ने निर्माण कार्य में रेन वाटर हार्वेस्टिंग, लैंडस्केपिंग तथा ग्रीन बिल्डिंग से संबंधित सभी मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।