DTN अल्मोड़ा। जिला अस्पताल स्थित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र में अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में निर्धारित जेनेरिक दवाओं के स्थान पर अन्य ब्रांडेड दवाओं के विक्रय की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने बिना पूर्व सूचना के स्वयं मौके पर पहुंचकर जांच की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र में उपलब्ध सभी दवाओं का भौतिक सत्यापन कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन औषधि (जेनेरिक) और अन्य ब्रांडेड दवाओं की अलग-अलग सूची तैयार कर उनकी उपलब्धता, खरीद और स्टॉक का अभिलेखों से मिलान किया जाए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में जांच पूरी होने तक केंद्र में उपलब्ध सभी दवाओं को सील कर दिया गया। साथ ही दवाओं की खरीद, स्टॉक और वितरण से संबंधित अभिलेखों की भी गहन जांच के निर्देश दिए गए, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जन औषधि केंद्र के संचालन व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को केंद्र के संचालन के लिए नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शी और प्रभावी व्यवस्था लागू की जा सके तथा भविष्य में इस प्रकार की शिकायतों की पुनरावृत्ति न हो।
निरीक्षण में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा सहित अस्पताल प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
