कारगिल विजय दिवस पर शहीद गिरीश सिंह सामंत को दी श्रद्धांजलि, विधायक बिशन सिंह चुफाल ने किया पुष्पचक्र अर्पित

DTN देवलथल (पिथौरागढ़)। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर विकासखंड कनालीछीना अंतर्गत देवलथल में कारगिल शहीद गिरीश सिंह सामंत की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक बिशन सिंह चुफाल ने शहीद के स्मृति पटल पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा देश की रक्षा में दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

विधायक चुफाल ने कहा कि वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में मां भारती की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि देश शहीदों के त्याग और बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान विधायक ने शहीद गिरीश सिंह सामंत के परिजनों से भेंट कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया और उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने भी शहीद के स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर उनके बलिदान को याद किया।

कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता जीवन पांडे, भाजपा नेता हरेंद्र बसेड़ा, अनुसूचित मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष भगवान प्रसाद, पूर्व सैनिक संगठन पिथौरागढ़ के प्रतिनिधि, शहीद के परिजन, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।