कारगिल के वीरों को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि, शहीद परिवारों का हुआ सम्मान

DTN पिथौरागढ़। कारगिल विजय दिवस पर जिला मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक में आयोजित शौर्य दिवस समारोह में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिला प्रशासन एवं जिला सैनिक कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों और नागरिकों ने शहीदों के चित्रों पर पुष्पचक्र अर्पित किए, जबकि पुलिस बल ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मान दिया।

समारोह में जनपद के कारगिल शहीद जोहार सिंह, किशन सिंह, गिरीश सिंह और कुण्डल सिंह बेलाल के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान खेलकूद एवं निबंध प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए और एनसीसी कैडेट्स ने मार्च पास्ट किया।

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कहा कि कारगिल विजय भारतीय सेना के अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश सेवा के लिए प्रेरित होने का आह्वान किया। विधायक बिशन सिंह चुफाल और मेयर कल्पना देवलाल ने भी वीर शहीदों को नमन करते हुए उनके बलिदान को देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल करम सिंह बिष्ट, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल, जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगांई सहित विभिन्न सैनिक संगठनों के पदाधिकारी, पूर्व सैनिक, वीर नारियां, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।