DTN गोपेश्वर (चमोली)। कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) पर आज कारगिल के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिला पंचायत परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर जवानों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया। इस दौरान कारगिल शहीदों के परिजनों, वीर नारियों तथा पूर्व सैनिकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कारगिल शहीद राइफलमैन सतीश चंद्र सती के पिता महिषानंद सती रहे। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि कारगिल के वीर सपूतों का बलिदान देश की अखंडता और सम्मान की रक्षा का अमर प्रतीक है, जिससे आने वाली पीढ़ियां प्रेरणा लेती रहेंगी। उन्होंने वीर नारियों के धैर्य और त्याग को भी राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताया।
समारोह में कारगिल युद्ध के शहीदों के परिजनों के साथ हवलदार महेंद्र सिंह राणा, सूबेदार भरत सिंह नेगी समेत कई पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति प्रस्तुतियां दीं, जबकि वॉलीबॉल और निबंध प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, सैन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, एनसीसी कैडेट्स और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
