DTN बागेश्वर। शामा क्षेत्र के किसानों को उनकी उपज के बेहतर भंडारण और विपणन की सुविधा देने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने आज शामा क्षेत्र के नौकोड़ी गांव का स्थलीय भ्रमण कर कोल्ड स्टोरेज स्थापित किए जाने की संभावनाओं का जायजा लिया। उन्होंने ग्राम शामा के समीप कीवी बहुल क्षेत्रों के निकट उपलब्ध भूमि का निरीक्षण कर प्रस्तावित कोल्ड स्टोरेज के निर्माण की संभावनाओं की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने किसानों से संवाद कर खेती, उत्पादन, भंडारण और विपणन से जुड़ी समस्याओं को जाना। उन्होंने क्षेत्र में कीवी समेत विभिन्न कृषि एवं बागवानी फसलों की स्थिति का भी निरीक्षण किया। किसानों ने स्थानीय स्तर पर भंडारण की सुविधा उपलब्ध होने से होने वाले लाभों की जानकारी भी दी।
किसानों को उपज का मिलेगा बेहतर मूल्य
जिलाधिकारी ने कहा कि शामा क्षेत्र की जलवायु और कृषि-बागवानी की संभावनाओं को देखते हुए यहां कोल्ड स्टोरेज बेहद उपयोगी साबित हो सकता है। इससे कीवी सहित अन्य कृषि और बागवानी उत्पादों को सुरक्षित रखने की सुविधा मिलेगी। किसान अपनी उपज को तत्काल बेचने के बजाय उचित समय तक सुरक्षित रख सकेंगे, जिससे उन्हें बेहतर मूल्य मिलने की संभावना रहेगी। इसके साथ ही बीज संग्रहण जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा सकेंगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अन्य राज्यों में संचालित सफल कोल्ड स्टोरेज मॉडलों का अध्ययन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय परिस्थितियों और किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार की जाए।
जिला उद्यान अधिकारी हरीश चंद्र को ग्रामीण कार्य विभाग और अन्य संबंधित हितधारकों के समन्वय से कोल्ड स्टोरेज की स्थापना को लेकर विस्तृत प्रस्तुतीकरण एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
