9.91 लाख पेंशनरों के खातों में पहुंची 147 करोड़ की पेंशन

DTN देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत अगस्त 2026 की पेंशन किस्त का वन-क्लिक के माध्यम से भुगतान किया। इस दौरान प्रदेश के 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के खातों में 147 करोड़ 05 लाख 51 हजार रुपये की पेंशन धनराशि भेजी गई। अगस्त माह में विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन भी स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ सरलता और समयबद्ध तरीके से मिले। उन्होंने अधिकारियों को पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने के निर्देश दिए।

प्रस्तुतीकरण में बताया गया कि अगस्त माह में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के लिए निर्धारित धनराशि में करीब 140 करोड़ 11 लाख रुपये राज्यांश और 6 करोड़ 94 लाख रुपये केंद्रांश शामिल है। कुल लाभार्थियों में 2 लाख 14 हजार 711 राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) तथा 7 लाख 77 हजार 203 राज्य स्तर पर आच्छादित हैं।

नई स्वीकृत पेंशन में 3,945 वृद्धावस्था, 1,000 विधवा, 416 दिव्यांग, 106 किसान, 23 परित्यक्ता और 115 भरण-पोषण अनुदान के लाभार्थी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिन पात्र लोगों का किसी कारण आधार नहीं बन पा रहा है, उन्हें चिन्हित कर अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था की जाए, ताकि आधार संबंधी समस्या के कारण कोई पात्र व्यक्ति पेंशन से वंचित न रहे।

बैठक में 18 और 19 सितंबर को नई दिल्ली में प्रस्तावित राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री खजानदास समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।