DTN चंपावत। भारत सरकार ने नशामुक्त भारत अभियान के पुराने पोर्टल को बंद कर दिया है। इसके स्थान पर अभियान का नए समावेश पोर्टल पर सफलतापूर्वक स्थानांतरण कर दिया गया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि अब नशामुक्त भारत अभियान से संबंधित सभी गतिविधियों, बैठकों और कार्यक्रमों का विवरण इसी नए पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों के फोटो और वीडियो भी नए पोर्टल के माध्यम से अपलोड किए जाएंगे। शासन और भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में जनपद, विकासखंड और शैक्षणिक संस्थानों के स्तर पर पोर्टल के लिंक का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने नशामुक्ति कार्यक्रम से जुड़े नोडल अधिकारियों, नशामुक्ति एवं व्यसन मुक्ति केंद्रों तथा अन्य संबंधित संस्थाओं को नए पोर्टल का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। जनपद और विकासखंड स्तरीय समितियों को आयोजित सभी गतिविधियों और बैठकों का विवरण नियमित रूप से पोर्टल पर दर्ज करने को कहा गया है। इससे अभियान की गतिविधियों की प्रभावी निगरानी की जा सकेगी।
