DTN पिथौरागढ़। आदि कैलाश क्षेत्र में 24 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली अल्ट्रा मैराथन 2.0 की तैयारियों का जायजा लेने जिलाधिकारी आशीष भटगांई आज गुंजी पहुंचे। उन्होंने आयोजन स्थल और मैराथन मार्ग का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सेना, एसएसबी और आईटीबीपी के अधिकारियों के साथ भी व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।

जिलाधिकारी ने कहा कि मैराथन के दौरान धावकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पूरे मार्ग पर पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों और एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ ही चिकित्सा सहायता के लिए स्थान चिह्नित कर सूची तैयार करने के निर्देश दिए। धावकों के लिए स्नैक्स और पानी की व्यवस्था के लिए निर्धारित स्थानों पर केंद्र बनाने और वहां स्पष्ट संकेतक लगाने को कहा। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती के निर्देश भी दिए।
मैराथन मार्ग को सुरक्षित बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारियों को मलबा, पत्थर और अन्य अवरोध समय से हटाने को कहा। उन्होंने आयोजन से जुड़े अधिकारियों को धावकों के लिए टेंट, बैठने और ठहरने की बेहतर व्यवस्था करने के साथ शौचालय, साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
छियालेख में बनेगी हेल्प डेस्क
जिलाधिकारी ने छियालेख में हेल्प डेस्क स्थापित करने और आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए संपर्क नंबर जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारी धारचूला को सभी तैयारियों की नियमित निगरानी करने और विभागों के बीच समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने और इसे देश-दुनिया में नई पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है। देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले धावकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे यहां से अच्छा अनुभव लेकर लौटें।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी, उप निदेशक पर्यटन अतुल भंडारी तथा सेना, एसएसबी, आईटीबीपी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
