DTN गोपेश्वर। चमोली जिले के चतुर्थ केदार भगवान रुद्रनाथ की उत्सव डोली आज शीतकालीन गद्दीस्थल गोपीनाथ मंदिर, गोपेश्वर पहुंच गई। यहां विधि-विधान के साथ डोली को विराजमान किया गया। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान रुद्रनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में ढोल-दमाऊं की गूंज और भजनों के बीच डोली का भव्य स्वागत किया गया।

भगवान रुद्रनाथ धाम के कपाट शनिवार देर शाम शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए थे। इसके बाद उत्सव डोली पैदल यात्रा कर सोमवार को गोपेश्वर पहुंची। यहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार डोली को गोपीनाथ मंदिर में विराजमान किया गया। अब अगले छह माह तक भगवान रुद्रनाथ की पूजा-अर्चना गोपीनाथ मंदिर में ही होगी।
इस वर्ष यात्रा सीजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु रुद्रनाथ धाम पहुंचे और भगवान शिव के दर्शन किए। शीतकाल के लिए कपाट बंद होने के साथ ही अब भगवान रुद्रनाथ की पूजा उनके शीतकालीन गद्दीस्थल पर संपन्न होगी।
