डायल 112 पर झूठी सूचना देना पड़ा महंगा, 10 हजार का चालान

DTN पिथौरागढ़। जाजरदेवल क्षेत्र में डायल 112 पर झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। पुलिस ने संबंधित व्यक्ति का 10 हजार रुपये का चालान किया है।

जाजरदेवल के जम्बू गली निवासी नवीन ने डायल 112 पर सूचना दी कि उनके पड़ोस में एक महिला अपने बच्चों के साथ मारपीट कर रही है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक महावीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान सूचना असत्य पाई गई।

पुलिस ने जब नवीन आर्या से पूछताछ की तो उसने शराब के नशे में फोन करने की बात स्वीकार की। पुलिस को झूठी सूचना देकर गुमराह करने पर जाजरदेवल पुलिस ने उसका 10 हजार रुपये का चालान कर दिया।

पिथौरागढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डायल 112 का उपयोग केवल वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में ही करें। झूठी सूचना देने से पुलिस का समय और संसाधन व्यर्थ होते हैं, जिससे जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचने में देरी हो सकती है।