DTN पिथौरागढ़। विकासखंड मूनाकोट के ब्लॉक संसाधन केंद्र भड़कटिया में विकासखंड स्तरीय एकीकृत खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों को खेल के क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी विक्रम सिंह पाल, उप शिक्षा अधिकारी बलवंत नाथ सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। राजकीय प्राथमिक विद्यालय भड़कटिया के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी ने प्रतियोगिता के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की।
खंड शिक्षा अधिकारी विक्रम सिंह पाल ने कहा कि समग्र शिक्षा का मुख्य उद्देश्य सभी बच्चों को समान अवसर प्रदान करना है। एकीकृत खेलकूद प्रतियोगिता समावेशी शिक्षा की ऐसी मिसाल है, जहां सामान्य और दिव्यांग बच्चे साथ मिलकर खेलते हैं और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं।
उप शिक्षा अधिकारी बलवंत नाथ ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक विकास के साथ आत्मविश्वास, टीम भावना और आपसी सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान खेल समन्वयक (माध्यमिक शिक्षा) अर्जुन कुमार, राजकीय शिक्षक संघ के ब्लॉक मंत्री प्रेम प्रकाश खर्कवाल, ब्लॉक विज्ञान समन्वयक भीम सिंह कार्की, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी उमेद सिंह वल्दिया, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अनिल चंद और वरिष्ठ खेल शिक्षक जीवन सिंह खोलिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
