गैरसैंण को 232 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, पेयजल के लिए रामगंगा पर बनेगा बांध

सीएम धामी ने 12 योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, भू-धंसाव से सुरक्षा और सड़क सुधार पर भी जोर

DTN गैरसैंण। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज भराड़ीसैंण में चमोली जिले को 231.91 करोड़ रुपये की 12 विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें गैरसैंण की पेयजल समस्या के समाधान के लिए रामगंगा नदी पर बांध निर्माण और कर्णप्रयाग के बहुगुणानगर में भू-धंसाव से सुरक्षा के कार्य प्रमुख हैं।

पेयजल के लिए 122.69 करोड़ से बनेगा बांध

गैरसैंण शहर और आसपास की आबादी को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए रामगंगा नदी पर 122.69 करोड़ रुपये की लागत से बांध का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस महत्वाकांक्षी योजना का शिलान्यास किया। इसके अलावा कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में 50.18 करोड़ रुपये की लागत से भू-धंसाव से बचाव के कार्यों की आधारशिला रखी।

शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण पर 12.16 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में 22.75 लाख रुपये से भवन का अनुरक्षण किया जाएगा।

सड़कों के सुधार से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

सड़क संपर्क बेहतर बनाने के लिए कुमोली रैवान मोटर मार्ग के दूसरे किलोमीटर से फरखण्डे मोटर मार्ग तक के कार्य पर 6.99 करोड़ रुपये और गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग के दूसरे किलोमीटर से कुमोली रैवान मोटर मार्ग तक के कार्य पर 5.60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन योजनाओं से क्षेत्र में आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

34 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई छह योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें 14.82 करोड़ रुपये की लागत से खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग (बछुवाबाण-चौखुटिया) का उच्चीकरण और 4.37 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में निर्मित ऑडिटोरियम भवन शामिल है।

इसके अलावा सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के छठे से 11वें किलोमीटर तक 4.03 करोड़ रुपये की लागत से किए गए सुधार एवं डामरीकरण कार्य तथा कारगिल शहीद रणजीत सिंह (आगर-जिनगोड़) मोटर मार्ग के पहले से आठवें किलोमीटर तक 2.17 करोड़ रुपये की लागत से किए गए सुधार, डामरीकरण और नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया गया।

पुलिस और अग्निशमन सुविधाओं को मजबूती

गैरसैंण में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित फायर यूनिट भवन और 4.24 करोड़ रुपये की लागत से बने थाना गैरसैंण भवन का भी लोकार्पण किया गया। इन सुविधाओं से क्षेत्र में अग्निशमन सेवाओं और पुलिस व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, भरत चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।