ल्वेशाल में 2.54 करोड़ से बनेगी लिफ्ट सिंचाई योजना

DTN भीमताल (नैनीताल)। रामगढ़ ब्लॉक की ग्राम सभा ल्वेशाल में किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 2 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से लिफ्ट सिंचाई योजना को स्वीकृति मिल गई है। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से स्वीकृत इस योजना से क्षेत्र के किसानों को खेती के लिए पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

मंत्री कैड़ा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को योजना की टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने और निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान करना और ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई सुविधाओं को मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता है। योजना के निर्माण से किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलने में सुविधा होगी, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

कई गांवों में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने रविवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के मटेला, पतलोट, अमजड़, सुवाकोट, पोखरी, थली, मोहनागांव और हरिनगर सहित विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को फोन कर समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई, सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार किसानों के हितों और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को आगे बढ़ा रही है।