घर में कत्ल, पुल के पास मिला शव; खून के निशानों ने 24 घंटे में पहुंचाया आरोपी तक

 

बेड और फर्श पर मिले खून के निशान, काली नदी किनारे से पकड़ा गया आरोपी; हत्या में प्रयुक्त डंडा और खून लगा शर्ट बरामद

देवभूमि टुडे न्यूज | धारचूला। पुलिस के मुताबिक, छह नवंबर की सुबह खोतिला पुल के पास महिला का शव मिलने की सूचना पर कोतवाली धारचूला की टीम मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान 35 वर्षीय मीनू लोहारी के रूप में हुई। उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। जांच में पता चला कि मीनू करीब तीन वर्ष पहले अपने पति मोहन राम, निवासी नेपाल से अलग हो गई थी और इसके बाद खोतिला निवासी देवराज नबियाल के साथ रह रही थी।
पुलिस ने घटनास्थल के साथ ही देवराज के घर की भी बारीकी से जांच की। फील्ड यूनिट की टीम को घर के बेड और फर्श पर खून के निशान मिले। इसके बाद मृतका के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने देवराज के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर पुलिस ने छह नवंबर की रात एसएसबी कैंप के पीछे काली नदी किनारे से आरोपी देवराज नबियाल (35) को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, खून लगा शर्ट, जूते और मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अम्बी राम आर्य, उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह राणा, कांस्टेबल मनोज सिंह बिष्ट और संतोष कुमार शामिल रहे।