जौलजीबी मेले में माइक बंद होने पर भड़के विधायक हरीश धामी, पोडियम पर मारी लात, कुर्सी उठाकर किया हमला

मुख्यमंत्री धामी को बताया डरपोक और भगोड़ा, 2027 के चुनाव में उनके खिलाफ प्रचार करने की दी चुनौती

DTN जौलजीबी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम स्थल से रवाना होने के बाद अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले के शुभारंभ समारोह में उस समय हंगामा हो गया, जब धारचूला विधायक हरीश धामी माइक बंद किए जाने से भड़क उठे। मंच पर अपनी बात रख रहे विधायक का माइक बंद होने पर आक्रोश बढ़ गया। उन्होंने पोडियम को लात मारकर गिरा दिया और कुर्सी उठाकर हमला कर दिया। इस घटनाक्रम से समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

विधायक ने प्रशासन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा करने और उनकी आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को उचित सम्मान नहीं दिया जा रहा है। प्रशासन पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन गुंडागर्दी करेगा तो वह भी पीछे नहीं हटेंगे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

मुख्यमंत्री पर भी साधा निशाना

हरीश धामी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री को डरपोक और भगोड़ा बताते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में की गई घोषणाएं अब तक पूरी नहीं हुई हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक की बातों को भी गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।

2027 के चुनाव में मुकाबले की चुनौती

विधायक ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि वह जहां से भी चुनाव लड़ेंगे, उनके खिलाफ प्रचार करेंगे, मेले के शुभारंभ समारोह में हुए इस घटनाक्रम ने आयोजन के बीच राजनीतिक माहौल गरमा दिया।