फेसबुक पोस्ट में विधायक ने सरकार पर साधा निशाना, बोले- जनता की आवाज सड़क से सदन तक उठाता रहूंगा

DTN धारचूला। अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले के शुभारंभ समारोह में हुए हंगामे के बाद धारचूला विधायक हरीश धामी ने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सरकार पर क्षेत्र की जनता से जुड़े गंभीर मुद्दों को उठाने से रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक मासूम बच्ची की मौत और कनार सड़क की समस्या पर सवाल उठाना क्या अपराध है?
विधायक ने अपनी पोस्ट में दो प्रमुख मुद्दों का उल्लेख किया है। पहला, दो दिन पूर्व आठ वर्षीय मासूम बच्ची की दुखद मौत का मामला और दूसरा, कनार सड़क निर्माण से जुड़ी वर्षों पुरानी समस्या। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इन दोनों गंभीर विषयों को सरकार के सामने रखने से परहेज क्यों किया जा रहा है? एक मासूम की मौत के मामले में जवाबदेही मांगना और सड़क के लिए संघर्ष कर रहे क्षेत्रवासियों की आवाज उठाना किसी जनप्रतिनिधि का अपराध कैसे हो सकता है?
हरीश धामी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित करते हुए लिखा कि मेला केवल सरकार की प्रशंसा करने का मंच नहीं है, बल्कि यह जनता की समस्याओं, पीड़ा और अधिकारों की आवाज उठाने का लोकतांत्रिक मंच भी है। जनप्रतिनिधि होने के नाते अपने क्षेत्र की समस्याओं को उठाना उनका नैतिक और संवैधानिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि मासूम बच्ची की मौत और कनार सड़क का मुद्दा राजनीति से ऊपर है। एक तरफ एक परिवार अपनी बच्ची को खोने के दर्द से गुजर रहा है, वहीं दूसरी तरफ कनार के लोग सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे मुद्दों पर सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए जवाबदेही तय करनी चाहिए।
विधायक ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि संवेदनशीलता भाषणों से नहीं, बल्कि जनता की पीड़ा सुनने, समस्याओं का समाधान करने और जनप्रतिनिधियों के सवालों का जवाब देने से प्रदर्शित होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अपने क्षेत्र की जनता की आवाज सड़क से लेकर सदन तक उठाते रहेंगे।
हरीश धामी ने कहा कि जनता ने जनप्रतिनिधियों को मौन रहने के लिए नहीं, बल्कि उसकी आवाज बनने के लिए सदन में भेजा है।
