राष्ट्रीय जल पुरस्कार के अंतिम चरण में पहुंचा चंपावत, केंद्रीय टीम ने परखीं जल संरक्षण योजनाएं

DTN चंपावत। चंपावत जिले ने जल संरक्षण के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय की ओर से आयोजित सातवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार-2026 के लिए जिले का चयन अंतिम चरण के भौतिक सत्यापन के लिए किया गया है। इसी क्रम में केंद्रीय निरीक्षण दल ने तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन विभिन्न क्षेत्रों में संचालित जल संरक्षण योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी गुणवत्ता और उपयोगिता परखी।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय टीम ने लोहाघाट स्थित अक्कल धारा के पुनर्जीवन कार्यों का जायजा लिया। यह कार्य स्प्रिंग एंड रिवर रिज्युविनेशन अथॉरिटी (सारा) के तहत प्रस्तावित है। इसके बाद सिंचाई विभाग की ओर से निर्मित कोलीढेक झील और पाटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम की ओर से बनाए गए रूफ वाटर हार्वेस्टिंग टैंक का निरीक्षण किया। टीम ने इन परियोजनाओं की कार्यप्रणाली और निर्माण गुणवत्ता का परीक्षण किया।

इसके अलावा वन विभाग की भिंगराड़ा रेंज में कैंपा योजना और ग्रीन इंडिया मिशन के तहत किए गए जल एवं मृदा संरक्षण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। इनमें सघन वृक्षारोपण, चाल-खाल निर्माण, गली प्लगिंग और चेकडैम जैसे कार्य शामिल रहे।

तीन दिवसीय सत्यापन अभियान के दौरान जिला सारा सेंटर की टीम ने सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर निरीक्षण दल का भ्रमण कराया। निरीक्षण के बाद केंद्रीय टीम ने जिले में जल संरक्षण के लिए किए गए नवाचारों, धरातल पर कार्यों की गुणवत्ता और विभागीय समन्वय की सराहना की।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, खंड विकास अधिकारी लोहाघाट रविंद्र रावत सहित सिंचाई, पेयजल, वन विभाग और सारा के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।