अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ के दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंचेगा ‘आरोग्य रथ’, घर के पास मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा

DTN देहरादून। पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए सरकार ने नई पहल की है। अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जनपदों के दूरस्थ क्षेत्रों में अब मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए लोगों को प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से दो मोबाइल मेडिकल यूनिट ‘आरोग्य रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह पहल पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के तहत टीएसएल फाउंडेशन की ओर से की गई है। इन मोबाइल मेडिकल यूनिट में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मासिस्ट और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की गई है। इनके माध्यम से दूरस्थ गांवों में रहने वाले लोगों को प्राथमिक एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। साथ ही बीमारियों की शुरुआती पहचान और समय पर चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घरों के नजदीक पहुंचाना जरूरी है। पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। ‘आरोग्य रथ’ के माध्यम से उन क्षेत्रों के लोगों को भी राहत मिलेगी, जहां स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इस दिशा में सरकारी प्रयासों के साथ कॉर्पोरेट संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अन्य संस्थाएं भी स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में आगे आकर सहयोग करेंगी।

कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, पलायन निवारण आयोग के सदस्य अनिल सिंह शाही, सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव मनमोहन मैनाली, पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन की सीनियर डायरेक्टर (सीएसआर) अनंतिका सिंह, टीएसएल ग्रुप के सीईओ साहिल अरोड़ा और डायरेक्टर आदेश गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।