बनबसा बैराज और जर्जर पुलों की मरम्मत का मुद्दा योगी के सामने उठाया

DTN देहरादून। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच लंबित परिसंपत्ति विवादों के निस्तारण के साथ ही चंपावत क्षेत्र की महत्वपूर्ण सिंचाई एवं आवागमन संबंधी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। शिष्टाचार भेंट के दौरान धामी ने बनबसा बैराज, नगरा बाईपास नहर और झनकैया पुल व सूखा पुल की मरम्मत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

मुख्यमंत्री धामी ने बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत के साथ सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाले पुराने और जर्जर पुलों के सुदृढ़ीकरण तथा जरूरत के अनुसार पुनर्निर्माण की मांग रखी। उन्होंने कहा कि ये कार्य स्थानीय लोगों की सुरक्षा, आवागमन और किसानों की सिंचाई सुविधाओं से जुड़े हैं। इनका प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र क्रियान्वयन जरूरी है।

बैठक में दोनों राज्यों के बीच सिंचाई विभाग समेत विभिन्न विभागों की परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण और लंबे समय से लंबित मामलों पर भी चर्चा हुई। पूर्व में बनी सहमति के अनुरूप अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने पर जोर दिया गया।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच आपसी सहयोग और निरंतर संवाद से परिसंपत्तियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों का समाधान हुआ है। शेष मामलों को भी आपसी सहमति से जल्द निपटाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने इस दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग के लिए योगी आदित्यनाथ का आभार भी जताया।