DTN मुनस्यारी। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मुनस्यारी के दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंचकर बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाई। विकासखंड के सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अभियान चलाकर 8564 से अधिक बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली दी गई। इस दौरान स्वास्थ्य टीम सबसे दुर्गम विद्यालय राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नामिक भी पहुंची और विद्यार्थियों को कृमि संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेएस चुफाल के निर्देश पर आरबीएसके टीम ने सीएचसी मुनस्यारी के डॉ. मनोज सिंह जंगपांगी के नेतृत्व में नामिक विद्यालय में अभियान चलाया। विद्यार्थियों को बताया गया कि पेट में कृमि संक्रमण से कमजोरी, पेट दर्द, भूख में कमी और खून की कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसका असर बच्चों के पोषण, शारीरिक विकास और पढ़ाई पर भी पड़ता है।
स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों को नियमित रूप से हाथ धोने, साफ पानी पीने, स्वच्छ भोजन करने, नाखून छोटे रखने और शौचालय का उपयोग करने की सलाह दी। अभियान में स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ आशा कार्यकर्ताओं ने भी सहयोग किया।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. गौरव कुमार ने अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशाओं का आभार जताया। उन्होंने बताया कि किसी कारणवश दवा खाने से छूट गए बच्चों को 25 नवंबर को मॉप-अप दिवस पर दवा खिलाई जाएगी।
