DTN पिथौरागढ़। स्वर्गीय जनरल बीसी जोशी की पुण्यतिथि पर आज जनरल बीसी जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल में शिक्षा मेला-2026 का आयोजन किया गया। मेले में देश के कई प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों ने प्रतिभाग कर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, छात्रवृत्ति और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय जनरल बीसी जोशी के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। एडम कमांडेंट कर्नल पीके सिंह, शिक्षा अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल उषा कुमारी, ओआईसी स्कूल मेजर ललित कुमार, प्रधानाचार्य और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें नमन किया।
शिक्षा मेले में डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी, देवभूमि उत्तराखंड यूनिवर्सिटी, शारदा यूनिवर्सिटी, सीजीसी यूनिवर्सिटी, क्वांटम यूनिवर्सिटी, तुलाज यूनिवर्सिटी, ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी और माइंड पावर यूनिवर्सिटी सहित कई संस्थानों ने अपने स्टॉल लगाए। संस्थानों के प्रतिनिधियों ने कक्षा नौ से 12वीं तक के विद्यार्थियों और अभिभावकों को विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, छात्रवृत्ति योजनाओं और भविष्य में करियर की संभावनाओं से अवगत कराया।
इस दौरान आयोजित करियर काउंसलिंग सत्र में विद्यार्थियों को अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार विषय एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रम चुनने के लिए मार्गदर्शन दिया गया। मेले में विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय के चेयरमैन, ओआईसी स्कूल, प्रधानाचार्य, बर्सर, शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे। आयोजन का उद्देश्य स्वर्गीय जनरल बीसी जोशी के शिक्षा और युवा सशक्तीकरण के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाना रहा। शिक्षा मेले को विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा और करियर के विकल्पों की जानकारी हासिल करने का उपयोगी मंच बताया गया।
