देहरादून चिड़ियाघर में आया सफेद बाघ ‘तेजस’, कॉलेज विद्यार्थियों को मुफ्त मिलेगी एंट्री

DTN देहरादून। देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में अब पर्यटक सफेद बाघ ‘तेजस’ का दीदार कर सकेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चिड़ियाघर में सफेद बाघ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के लिए खोल दिया। उन्होंने कहा कि ‘तेजस’ के आने से चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और पर्यटकों को वन्यजीवों के अवलोकन का नया अनुभव मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिवर्ष करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं और सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। उत्तराखंड में पहली बार सफेद बाघ लाया गया है। इससे पहले भी चिड़ियाघर में दो अन्य बाघ लाए गए थे, जिनसे पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कॉलेज के विद्यार्थियों को भी बड़ी राहत देते हुए चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पहले बच्चों के लिए मुफ्त भ्रमण की व्यवस्था की गई थी, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। अब कॉलेज के विद्यार्थियों को भी यह सुविधा मिलने से उन्हें वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र नहीं, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। उत्तराखंड जैसे पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य में विकास के साथ पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखना जरूरी है। प्रदेश की वन संपदा और जैव विविधता प्राकृतिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आरके सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।