DTN पिथौरागढ़। टनकपुर तिराहे के पास एक ढाबे में अवैध शराब का कारोबार पकड़े जाने पर आरोपी ढाबा संचालक पुलिस टीम से ही भिड़ गया। पुलिस ने छापा मारकर ढाबे से 29 पव्वे अवैध शराब बरामद किए। कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौच कर सरकारी काम में बाधा डालने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।

कोतवाली पिथौरागढ़ के उपनिरीक्षक ललित डंगवाल, कांस्टेबल विनय गिरी और कुशल सिंह को गोपनीय सूचना मिली थी कि टनकपुर तिराहे के पास स्थित एक ढाबे में अवैध रूप से शराब बेची और परोसी जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने ढाबे में छापा मारा तो संचालक कृष्णानन्द निवासी ग्राम खनपर, थल दुकान की आड़ में शराब बेचता मिला। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 29 पव्वे अवैध शराब बरामद हुई।
पुलिस की कार्रवाई होते देख आरोपी ने विरोध शुरू कर दिया। वह पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और गाली-गलौच करने लगा। इस दौरान उसका एक साथी भी पुलिस टीम से उलझा, लेकिन मौका पाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 121(1), 132, 352 और आबकारी अधिनियम की धारा 21/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
