पिथौरागढ़। शासन के निर्देशों के तहत संचालित “जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद पिथौरागढ़ की 64 न्याय पंचायतों में आयोजित किए जा रहे जनसेवा शिविरों की श्रृंखला में न्याय पंचायत दरकोट के रामलीला मंच, विकासखंड मुनस्यारी में आठवां शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने की।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिया गया, जबकि कई मामलों का त्वरित निस्तारण भी किया गया। शिविर में कुल 462 लोगों ने प्रतिभाग किया और 723 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया गया।
इस दौरान कुल 46 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 37 का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष नौ शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के लिए भेजा गया। राजस्व विभाग ने उत्तराधिकार प्रमाण पत्र जारी किए, ग्राम्य विकास विभाग ने बीपीएल क्रमांक व सेक डाटा प्रमाण पत्र वितरित किए, वहीं पंचायतीराज विभाग ने परिवार रजिस्टर की प्रतिलिपि, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र एवं यूसीसी पंजीकरण कराया।
कृषि विभाग द्वारा किसानों को छोटे कृषि यंत्र, कृषि रक्षा रसायन तथा किसान निधि प्रमाण पत्र वितरित किए गए। उद्यान, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम, स्वास्थ्य, आयुष, पशुपालन, मत्स्य, डेयरी, सहकारिता, शिक्षा, पेयजल, वन, कौशल विकास, आपदा प्रबंधन, सैनिक कल्याण, होम्योपैथी, रीप एवं जिला उद्योग केंद्र सहित अनेक विभागों ने सेवाएं प्रदान कीं।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने पेयजल, सड़क, बिजली, स्मार्ट मीटर, आंगनबाड़ी केंद्र एवं पंचायत भवन से जुड़ी समस्याएं रखीं। अपर जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
