पिथौरागढ़। रिंगमैन 11 केवी विद्युत लाइन के निर्माण कार्य के चलते 4 फरवरी से 13 फरवरी तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होने वाली इस कटौती से आमजन की दिनचर्या और कारोबार पर असर पड़ने की संभावना है।

उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड के विद्युत वितरण खंड, पिथौरागढ़ के अनुसार निर्माण कार्य को सुरक्षित ढंग से पूरा करने के लिए यह व्यवस्था की गई है। निर्धारित समय में संबंधित क्षेत्रों में पूर्ण या आंशिक रूप से बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
लगातार सात घंटे की कटौती से बाजार, दफ्तरों और छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। विभाग का कहना है कि कार्य पूरा होने के बाद बिजली व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। उपभोक्ताओं से आवश्यक कार्य पूर्व में ही निपटाने की अपील की गई है।
