पिथौरागढ़। जनपद के ऐतिहासिक ध्वज खंडेनाथ मंदिर में आज जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने विधिवत पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर प्रगति की कामना की।

पूजा-अर्चना के बाद जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों और पुजारी से श्रद्धालुओं की सुविधाओं, पेयजल, स्वच्छता, मार्ग-सुधार और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।
मंदिर समिति ने जिलाधिकारी से ध्वज खंडेनाथ मंदिर को मानसखंड माला योजना में शामिल किए जाने का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि शासन स्तर पर आवश्यक पत्राचार कर प्रस्ताव को आगे बढ़ाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए मंदिर परिसर में पेयजल टैंक निर्माण, कीर्तन हॉल निर्माण, शौचालय व्यवस्था सुदृढ़ करने और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश ग्रामीण निर्माण विभाग को दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रस्ताव शीघ्र स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किए जाएं, ताकि कार्य समयबद्ध ढंग से शुरू हो सके।
उन्होंने कहा कि जनपद के प्रमुख धार्मिक स्थलों का समुचित विकास प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने से जहां सांस्कृतिक पहचान मजबूत होगी, वहीं स्थानीय लोगों को स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के अवसर भी मिलेंगे।
इस दौरान तहसीलदार विजय गोस्वामी, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग पंकज कुमार, मंदिर समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
