मानसखंड मंदिर माला मिशन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, गुणवत्ता व समयसीमा पर डीएम सख्त

पिथौरागढ़। जनपद में मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत संचालित विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मिशन के तहत चल रहे सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूर्ण किया जाए।

उन्होंने कहा कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) सहित सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने पाताल भुवनेश्वर और हाट कालिका जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर चल रहे सौंदर्यीकरण एवं अवस्थापना विकास कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और कार्य युद्धस्तर पर संचालित किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं व पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

बैठक में पाताल भुवनेश्वर और हाट कालिका मंदिर क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। डीएम ने गुणवत्ता बनाए रखने के साथ समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही जिला पर्यटन विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि स्थलों पर तत्काल टीम भेजकर कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने मंदिर परिसरों के आसपास स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, पथ-मार्ग सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं के समुचित विकास के निर्देश भी दिए, ताकि क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिल सके और स्थानीय लोगों को लाभ मिल सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि मानसखंड मंदिर माला मिशन राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों को आकर्षक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्यों को प्राथमिकता पर पूरा करें।

बैठक में उप प्रभागीय वनाधिकारी राजकुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग दिनेश गुप्ता, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्य सहित अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।