पिथौरागढ़। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मुख्यमंत्री घोषणाओं की विभागवार समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि अब ढिलाई, लापरवाही और अपारदर्शिता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग तय समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करें, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों पर सीधे कार्रवाई होगी।

बैठक में पर्यटन, युवा कल्याण, लोक निर्माण विभाग, पंचायती राज, नगर निगम, सिंचाई, लघु सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और राजस्व विभागों की प्रगति रिपोर्ट का गहन परीक्षण किया गया। कई विभागों में कार्यों की धीमी प्रगति, पारदर्शिता की कमी और फील्ड स्तर पर कमजोर मॉनिटरिंग पाए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
देवसिंह मैदान से लगी सड़क की खराब स्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को तुरंत मरम्मत के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता को असुविधा पहुंचाने वाले किसी भी विभाग को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही संबंधित क्षेत्रों में साइनेज बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। यदि कहीं बजट या तकनीकी बाधा है तो उसकी विस्तृत रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत की जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट करने, गुणवत्ता बनाए रखने और साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
उन्होंने दो टूक कहा कि अब योजनाओं में बहाने नहीं, बल्कि परिणाम चाहिए। जनता का समय और धन दोनों महत्वपूर्ण हैं और किसी भी स्तर पर देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री घोषणाओं को उन्होंने जनहित से जुड़ी प्राथमिक योजनाएं बताते हुए कहा कि इनमें देरी प्रशासनिक विफलता के साथ जनता के साथ अन्याय भी है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल, उप प्रभागीय वनाधिकारी राजकुमार, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, जिला पंचायत राज अधिकारी हरीश आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
