होली पर चम्पावत को सौगात, किमतौली-रौसाल सड़क के डामरीकरण को 12 करोड़ मंजूर

चम्पावत। होली के अवसर पर जनपद को बड़ी सौगात देते हुए पुष्कर सिंह धामी ने किमतौली-रौसाल मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य के लिए 12 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। लगभग 20 किलोमीटर लंबी यह सड़क क्षेत्र के करीब 20 गांवों को आपस में जोड़ती है, जिससे लगभग 10 हजार की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।

सड़क के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। विद्यार्थियों को शिक्षा संस्थानों तक पहुंचने में सुविधा होगी, वहीं मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बेहतर संपर्क मार्ग उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में आसानी होने से क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

बताया गया है कि उक्त सड़क के डामरीकरण की मांग क्षेत्रीय जनता लंबे समय से कर रही थी। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी मनीष कुमार के समक्ष भी यह मांग प्रमुखता से उठाई थी।

जनभावनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने प्रस्ताव को शीघ्र शासन को प्रेषित किया। जिस पर त्वरित निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री ने सड़क के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी।

स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री के इस निर्णय पर आभार जताते हुए कहा कि सड़क बनने से क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी और वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है।