कलेक्ट्रेट में ‘हेलो हेल्प’ डेस्क का शुभारंभ, अब घर बैठे फोन पर दर्ज होंगी समस्याएं

पिथौरागढ़। जनपद में आम नागरिकों की समस्याओं के पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के लिए जिला प्रशासन ने एक अनूठी पहल की है। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने रिबन काटकर ‘हेलो हेल्प’ डेस्क का विधिवत उद्घाटन किया। इस जनहितकारी सेवा के शुरू होने से अब सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
उद्घाटन के अवसर पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि ‘हेलो हेल्प पिथौरागढ़’ का मुख्य उद्देश्य आम जनता की शिकायतों का डिजिटल और दूरभाष के माध्यम से सीधा पंजीकरण कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि इस सेवा के लिए एक समर्पित हेल्पलाइन नंबर और डिजिटल हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है। इसके माध्यम से नागरिक अपनी शिकायतें सीधे दर्ज करा सकेंगे, जिन्हें रियल-टाइम में संबंधित विभागों को भेज दिया जाएगा ताकि उन पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। यही नहीं, शिकायत के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई और प्रगति की जानकारी भी दी जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए इसमें नागरिक अपनी स्थानीय भाषा (कुमाऊंनी) में भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। पूरी व्यवस्था को बेहद सरल, पारदर्शी और जनहितकारी बनाया गया है। जनसुविधा के लिए नागरिक मोबाइल नंबर 9458144651 पर संपर्क कर अपनी बात रख सकते हैं। इसके अलावा डिजिटल माध्यम से शिकायत या सुझाव भेजने के लिए ईमेल आईडी hellohelp.pithoragarh@gmail.com भी जारी की गई है।

इस व्यवस्था से जिले के दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय, धन और अनावश्यक भागदौड़ से बड़ी राहत मिलेगी। जिला मुख्यालय तक वाहनों की आवाजाही कम होने से ईंधन की बचत होगी, जिससे यातायात का दबाव घटेगा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। यह पहल प्रशासन और जनता के बीच संवाद, विश्वास और जवाबदेही को मजबूत करेगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह समेत तमाम जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।